कवर्धा। छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को अचानक कवर्धा जिले के पंडरिया तहसील अंतर्गत कुई-कुकदूर पहुंचे। उनके हेलिकॉप्टर के अचानक आगमन से क्षेत्र में हलचल बढ़ गई।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए स्थानीय विधायक भावना बोहरा समेत भाजपा नेताओं ने पारंपरिक गमछा भेंट किया। मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कलेक्टर, एसपी, डीएफओ सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पेड़ के नीचे चौपाल, ग्रामीणों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री साय सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के एक हितग्राही के घर पहुंचकर योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद कमराखोल गांव में आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे लोगों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री का फोकस इस बात पर रहेगा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी पात्र हितग्राही को वंचित न रहना पड़े।
1 मई से 10 जून तक चल रहा अभियान
सुशासन तिहार के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत समूह और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर लगाए जा रहे हैं।
इन शिविरों में लोगों की शिकायतों का समाधान करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और हर आवेदक को उसकी स्थिति की जानकारी दी जाए।





