May 18, 2026

कवर्धा डांस टीचर हत्याकांड में 2 महीने बाद भी सुराग नहीं, आरोपी की जानकारी पर 10 हजार का इनाम

लालपुर नर्सरी के पास मिला था डांस टीचर का शव
कवर्धा। जिले के लालपुर नर्सरी के पास हुए डांस टीचर हत्याकांड में करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। आरोपियों तक पहुंचने में देरी के कारण अब पुलिस को उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा करनी पड़ी है।

19 जनवरी को सामने आया था मामला
कवर्धा। यह मामला 19 जनवरी 2026 को सामने आया था, जब लालपुर नर्सरी के पास सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिला था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के गले और पेट पर चाकू से कई गहरे वार के निशान पाए गए, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।

मृतक की पहचान डांस टीचर सत्यमदास मानिकपुरी के रूप में
कवर्धा। जांच के दौरान मृतक की पहचान 27 वर्षीय सत्यमदास मानिकपुरी, निवासी वार्ड नंबर 26 घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई। वह पेशे से डांस टीचर था और घटना से पहले शनिवार रात से लापता बताया गया था। इस मामले में कवर्धा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

आरोपी की जानकारी देने पर 10 हजार रुपये इनाम
कवर्धा। घटना के दो महीने बाद भी आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। अब इस मामले में एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने आरोपी की जानकारी देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।