July 31, 2026

KAWARDHA NEWS UPDATE : खेत में बिछाए करंट वाले तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरनपुर में दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिरनपुर निवासी परमेश्वर पटेल (22) ने खेत में लगी फसल की सुरक्षा के लिए चारों ओर बिजली का तार लगाया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। बुधवार को खेत में काम करने के दौरान वह अचानक तार के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुछ समय बाद उसके पिता गोकरण पटेल (55) खेत पहुंचे। बेटे को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखकर उन्होंने उसे उठाने की कोशिश की। इस दौरान वे भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने दोनों को जमीन पर पड़ा देखा और तत्काल ग्राम कोटवार तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद कराकर दोनों शवों को कब्जे में लिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिता-पुत्र किराए पर खेत लेकर खेती-किसानी करते थे। एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण शोक में डूबे हुए हैं।

लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से दोनों की मौत होने की बात सामने आई है।

गौरतलब है कि बिरनपुर गांव में खेतों की सुरक्षा के लिए करंट प्रवाहित तार लगाने से मौत का यह एक वर्ष के भीतर दूसरा मामला है। इसके बावजूद लोग ऐसे खतरनाक उपायों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से खेतों की सुरक्षा के लिए बिजली के करंट का उपयोग नहीं करने और सुरक्षित विकल्प अपनाने की अपील की है।