कवर्धा, 13 फरवरी 2026 – पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला में 12 फरवरी 2026 को फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन, भारत सरकार द्वारा फीफा के सहयोग से संचालित “फुटबॉल फॉर स्कूल” के अंतर्गत आयोजित की गई।
कबीरधाम जिले के 25 सरकारी और निजी विद्यालयों को फुटबॉल वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर फुटबॉल खेल को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों का समन्वय स्थापित करना है, जिससे विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास हो सके।
कार्यक्रम का नेतृत्व श्री एन. के. लांजेवार, नोडल प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला ने किया। विशेष अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ. आर. वर्मा और श्री एस. के. यदु उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं और फुटबॉल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक सुदृढ़ता विकसित करता है।
कार्यक्रम के दौरान 25 विद्यालयों के छात्रों के मध्य फुटबॉल मैच का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री संजय किशोर (पीजीटी हिंदी), शारीरिक शिक्षक श्री हरिशंकर साहू और श्री चंद्रकांत यादव (संगीत शिक्षक) सहित अन्य सहयोगी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में श्री एस. के. मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षक ने आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम जिले में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




