July 23, 2026

Kawardha News: जुआ के फड़ पर पुलिस की दबिश, 10 जुआरी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल जब्त

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बोड़ला थाना और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां बरामद की गई हैं।

खैरबनाखुर्द गांव में चल रहा था जुआ

पुलिस को सूचना मिली थी कि खैरबनाखुर्द गांव में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

नकदी, मोबाइल और ताश की गड्डियां बरामद

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21 हजार 260 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश की गड्डी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 92 हजार 260 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।