कवर्धा। कवर्धा राजपरिवार स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने मंदिर से करीब 10 तोला चांदी का मुकुट पार कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के फूलवारी का है। जानकारी के अनुसार मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा पर चांदी का मुकुट चढ़ाया गया था, जिसे चोरों ने निशाना बनाया।
घटना की जानकारी मंदिर के पुजारी द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस घटना ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।





