कवर्धा। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम दुल्लापुर बाजार के कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिली। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
4 छात्राओं को किया गया रेफर
जानकारी मिलते ही छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने सभी छात्राओं को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर किया, जबकि अन्य छात्राओं का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि छात्राओं के बीमार होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। एहतियात के तौर पर सभी छात्राओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची छात्रावास
डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी छात्राओं की हालत सामान्य है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।





