कवर्धा/रायगढ़। कबीरधाम जिले की कवर्धा पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना कवर्धा की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड स्थित एक क्लीनिक में एक व्यक्ति आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वीरस्तंभ चौक से गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम नीलकमल अधिकारी (43 वर्ष), निवासी मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल) और वर्तमान में प्रोफेसर कॉलोनी कवर्धा में रहने वाला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोबाइल की जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग आईडी के जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत और हर ओवर पर दांव लगाते हुए ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। पुलिस ने मोबाइल से स्क्रीनशॉट लेकर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध जुआ और सट्टेबाजी से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
वहीं रायगढ़ में भी पुलिस ने हाईटेक तरीके से संचालित एक बड़े क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मामले में मुख्य सरगना देव बंसल को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि पूरा सट्टा कारोबार बिना किसी भौतिक सेटअप के पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित हो रहा था।
इस कार्रवाई की शुरुआत 16 फरवरी को हुई, जब चक्रधर नगर पुलिस ने बोईरदादर स्थित एक उद्योग में दबिश देकर विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल को रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में खरसिया के गगन अग्रवाल का नाम सामने आया। गगन की गिरफ्तारी के बाद तकनीकी जांच के जरिए पुलिस मुख्य संचालक देव बंसल तक पहुंची, जिसे रायपुर स्थित उसके फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।
देव बंसल के पास से जब्त आईफोन 16 प्रो की जांच में ऑनलाइन लेनदेन के रिकॉर्ड, सट्टे से जुड़ी चैट और विभिन्न राज्यों की यात्रा से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





