May 19, 2026

कवर्धा में आकाशीय बिजली गिरने से मजदूर की मौत, पेड़ के नीचे खड़ा था

कवर्धा। जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का निवासी था।

घटना कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरमिटी गांव की है। बताया जा रहा है कि नेन सिंह धुर्वे गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी करता था और रोज की तरह अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने गया हुआ था।

इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बारिश से बचने के लिए वह पास ही एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद साथियों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश थमने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।