कवर्धा। शहर के मुख्य बाजार स्थित एक कपड़ा दुकान में सोमवार रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी तीन मंजिला दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से आसपास के व्यापारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन मंजिला दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। आगजनी में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकान संचालक नदीम अंसारी ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ समय बाद लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरा प्रतिष्ठान आग की चपेट में था और लपटें तेजी से फैल रही थीं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।





