July 29, 2026

सड़क नहीं बनी तो सड़क पर रोपी धान, बालोद के ग्रामीणों का अनोखा विरोध प्रदर्शन

बालोद। जिले के भैसबोड़ गांव में स्वीकृति और वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद करीब एक वर्ष से सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से खराब सड़क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए अधूरी सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, गांव में राम मंदिर से मड़ई चौक तक लगभग ₹16.15 लाख की लागत से सड़क निर्माण के लिए मंडी बोर्ड ने 12 दिसंबर 2024 को प्रशासनिक स्वीकृति दी थी। इसके बाद 4 सितंबर 2025 को निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया गया। निर्धारित समय के अनुसार तीन महीने के भीतर सड़क निर्माण पूरा होना था, लेकिन करीब एक साल बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका।

बरसात के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो गई है। कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मांग के बाद सड़क निर्माण को मंजूरी मिली थी, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मामले में डौंडी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) डी. डी. मांडले से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।