कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में नाबालिग बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मिठाई का लालच देकर बच्चियों को ले जाने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, महिला थाना में 11 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 9 अगस्त की शाम आरोपी जागेश्वर साहू ने दो नाबालिग बहनों समेत पड़ोस की एक बच्ची को मिठाई का लालच दिया और उन्हें अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने बच्चियों के साथ अश्लील हरकत की। बच्चियों के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित बच्चियों और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए। बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
मामले में BNS की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी जागेश्वर साहू (39), निवासी उड़ियाकला को 12 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।





