July 23, 2026

कवर्धा धान घोटाला: उपार्जन केंद्र प्रभारी के ठिकानों पर पुलिस का छापा, 16 लाख नकद समेत अहम दस्तावेज जब्त

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सामने आए कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस अब तक 6 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय पर छापेमार कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 16 लाख रुपये नकद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय में रखा कंप्यूटर जब्त किया है। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामग्री को जांच में शामिल कर उसकी गहन पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि धान घोटाले से जुड़े अन्य नामजद आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

जिले में धान घोटाले की जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।