कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पंडरिया थाना क्षेत्र के लघान गांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दो कारों के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार, लघान गांव के पास फ्रॉन्क्स (CG 09 JS 4619) और वैगनआर (MP 50 ZB 0139) के बीच तेज रफ्तार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की मौके पर मौत, चार घायल
हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कवर्धा जिले के धरमपुरा निवासी के रूप में हुई है। वहीं चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





