कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पांडातराई नगर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गुप्ता धर्मशाला के पास स्थित एक टेंट हाउस और फर्नीचर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग ने देखते ही देखते पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फर्नीचर, टेंट सामग्री और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।





