कवर्धा। कबीरधाम जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में छापामार कार्रवाई की गई। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे से भी की गई।
पुलिस को लंबे समय से अटल आवास परिसर में संदिग्ध लोगों के अवैध रूप से रहने, अनैतिक गतिविधियों के संचालन और नशीले पदार्थों के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने एक साथ कई मकानों में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान कुछ कमरों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की आशंका के बीच कुछ युवतियां मौके से भागने में सफल रहीं। तलाशी के दौरान कुछ मकानों से आपत्तिजनक सामग्री, शराब और नशीले पदार्थ बरामद होने की सूचना है।
छापे की भनक लगते ही अटल आवास परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस टीम ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सघन सर्चिंग अभियान चलाया और कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पुलिस अधीक्षक Dharmendra Singh ने बताया कि अटल आवास में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों, नशे के कारोबार और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकाना बनाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान कई घरों की तलाशी ली गई है और संदिग्ध सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद बरामद सामग्री और कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।





