July 23, 2026

‘अब रोना-धोना छोड़ काम में जुट जाएं’, भाजपा कार्यकर्ताओं को डॉ. रमन सिंह का बड़ा संदेश

कवर्धा। भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल पूरे हो चुके हैं और अब अगले ढाई साल में संगठन को और मजबूत बनाते हुए सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना होगा।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ढाई साल पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, जिसने छत्तीसगढ़ की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ऐसी सरकार को दोबारा सत्ता में आने का मौका नहीं मिलना चाहिए।

‘अब कोई पद खाली नहीं है’

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन और राजनीति के सभी महत्वपूर्ण पद भर चुके हैं। ऐसे में अब किसी तरह का मनमुटाव, नाराजगी या पद की अपेक्षा रखने के बजाय सभी को पार्टी और सरकार के लिए पूरी निष्ठा से काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी समय आने पर योग्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देती है और हर कार्यकर्ता को अवसर मिलता है। इसलिए संगठन के निर्णयों पर विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

’40 साल की राजनीति में कभी पद नहीं मांगा’

अपने चार दशक लंबे राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने समय-समय पर जो जिम्मेदारी दी, उसे पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी व्यक्तिगत अपेक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन को सर्वोपरि रखने और एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करने की अपील की।