May 18, 2026

रानीदहरा जलप्रपात हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार


कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र स्थित रानीदहरा जलप्रपात में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुखमति बाई बैगा (24), निवासी ग्राम बाकल, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी देवेंद्र जयसवाल के साथ उसका प्रेम संबंध था। आरोपी महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला पहले से शादीशुदा होने के कारण तैयार नहीं थी।

बताया जा रहा है कि दोनों पहले दिल्ली भाग चुके थे, लेकिन बाद में वापस लौट आए। इसके बाद महिला आरोपी से दूरी बनाने लगी और कथित रूप से 10 लाख रुपये की मांग कर रही थी। इसी विवाद से नाराज होकर आरोपी ने 16 मार्च को महिला को घुमाने के बहाने जलप्रपात ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पानी में फेंक दिया।

19 मार्च को पर्यटकों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। पहचान होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।