कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास फोक नदी के पुल पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव इलाके के कुछ युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। देर रात उनकी तेज रफ्तार कार गड़ाई गांव के पास अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। कार में कुल 6 लोग सवार थे।
हादसे में अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।





