September 4, 2026

तेज रफ्तार कार ने मोपेड सवार पिता-पुत्री को मारी टक्कर, बेटी की मौत; चालक फरार

कवर्धा। कुंडा थाना क्षेत्र के मुंगेली-पंडरिया मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने खेत से काम कर लौट रहे मोपेड सवार पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय फुलेश्वरी निर्मलकर, निवासी डोमसरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा डोमसरा गांव के पास बिजली ऑफिस के सामने हुआ। टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।