कवर्धा। कबीरधाम जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बानो बैरियल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना लोहारा थाना क्षेत्र की है।
मौके पर हुई युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, तेज गति से आ रही हाइवा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और भारी वाहन उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जमुनिया निवासी अर्जुन बैगा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर लोहारा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। वहीं हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।





