July 30, 2026

कवर्धा में ट्रक-कार की भीषण टक्कर, 6 माह के मासूम की मौत; एक ही परिवार के 3 लोग गंभीर

Kawardha News Update : कवर्धा। जिले के पोंडी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत सारंगपुर चौक में हुए भीषण सड़क हादसे में 6 माह के एक मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार सारंगपुर चौक के पास एक ट्रक और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान 6 माह के मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल सभी लोग मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पोंडी पुलिस फरार ट्रक चालक और कंडक्टर की तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक मासूम के परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।