कवर्धा, 6 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के सरोधा मार्ग पर छात्रों द्वारा खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ छात्र-छात्राएं चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर और ऊपर बैठकर स्टंट कर रहे हैं, जिससे उनकी और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 5 फरवरी का है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी।

वायरल फुटेज में लग्जरी गाड़ियों का एक काफिला दिख रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएं गाड़ियों के गेट से बाहर निकलकर और सनरुफ से ऊपर खड़े होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। सभी छात्र मौज-मस्ती में लगे हुए हैं, लेकिन उनकी यह हरकत बेहद जोखिम भरी थी।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कवर्धा के होली किंगडम स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान हुई। पार्टी में शामिल होने के लिए कुछ छात्रों ने रायपुर से किराए पर ली गई लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर सरोधा मार्ग पर काफिला बनाया। इस काफिले में थार, महिंद्रा स्कॉर्पियो और किआ सेल्टोस जैसी महंगी गाड़ियां शामिल थीं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। जांच में पता चला कि स्कूली छात्रों ने कारें किराए पर ली थीं। पुलिस ने छात्रों और उनके अभिभावकों को थाना बुलाकर स्पष्टीकरण लिया और आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।





