July 23, 2026

कवर्धा में दिनदहाड़े व्यापारी का कथित अपहरण, दुकान से उठाकर फार्महाउस ले गए; CCTV में कैद वारदात

कवर्धा। शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित एक दुकान में दिनदहाड़े घुसकर व्यापारी से मारपीट और कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी चंद्रशेखर चंद्रवंशी के साथ मारपीट की, फिर उन्हें जबरन कार में बैठाकर ग्राम सैगोना स्थित एक फार्महाउस ले गए। वहां भी उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और सैगोना स्थित फार्महाउस पहुंचकर चंद्रशेखर चंद्रवंशी को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया। इसके बाद उन्हें थाने लाकर बयान दर्ज किया गया और मामले में शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद पैसों के लेन-देन से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि विष्णु चंद्रवंशी और शशिकांत चंद्रवंशी के बीच लंबे समय से आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विष्णु चंद्रवंशी अपने साथियों के साथ दुकान पहुंचा। उस समय शशिकांत की जगह उनके बड़े भाई चंद्रशेखर चंद्रवंशी मौजूद थे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर फार्महाउस ले गए, जहां दोबारा उनके साथ मारपीट की गई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। विष्णु चंद्रवंशी सहित पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला सिटी कोतवाली थाना, कवर्धा क्षेत्र का है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।