May 14, 2026

Kawardha News : कवर्धा में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम पंचायत पोंडी में गुरुवार को ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत पोंडी के वार्ड क्रमांक 7 स्थित ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग लगने के दौरान ट्रांसफार्मर से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।

घटना का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलता नजर आ रहा है। वीडियो में लोग इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। ट्रांसफार्मर के पास मकान और सामने वाहन खड़े होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका भी बनी हुई थी।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।