September 4, 2026

कवर्धा में युवक की बेरहमी से पिटाई का VIDEO वायरल, पुलिस ने 5 नाबालिगों को हिरासत में लिया

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक मिलकर एक युवक को लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, शहर में पालकी यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान बजरंग चौक के पास किसी मामूली विवाद को लेकर युवक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और वीडियो के आधार पर पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया। पुलिस उनसे घटना और मारपीट में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।

वहीं, मारपीट का शिकार हुए युवक का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस पीड़ित की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।