कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मंझोली में हुआ, जहां मक्के की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत की मेड़ पर लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, खेत मालिक ने मक्के की फसल को पशुओं से बचाने के लिए खेत की घेराबंदी में बिजली प्रवाहित तार लगाया था। इसी दौरान गांव निवासी रामभीषण खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही वह करंट वाले फेसिंग तार के संपर्क में आया, उसे जोरदार बिजली का झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लापरवाही की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि खेत में करंट प्रवाहित तार किसने लगाया था और इसमें किसकी लापरवाही सामने आती है। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को जंगली और आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेतों में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित तार लगाने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में कई बार जानलेवा हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके इस तरह की लापरवाही पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।





