July 27, 2026

कवर्धा में हंगामा: पुलिस कार्रवाई से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, गांव में मचा हड़कंप

कवर्धा। पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ग्राम दशरंगपुर की है, जहां सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ा युवक मनीष चंद्राकर है, जिसके खिलाफ दशरंगपुर चौकी में FIR दर्ज है। उस पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस मामले में उसके दो साथी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

होली के दिन हुई थी मारपीट की घटना
पुलिस के मुताबिक, होली के दिन ग्राम खंडसरा में कोटवार के घर में घुसकर उसके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। हमले में कोटवार का बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसी मामले में मनीष चंद्राकर भी आरोपी है और उसके खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज है।

पुलिस मौके पर, समझाइश जारी
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। युवक को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि कोई अनहोनी न हो।