रायपुर। कवासी लखमा छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी बजट सत्र में हिस्सा ले सकेंगे। उन्हें उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कुछ शर्तों के साथ सत्र में शामिल होने की अनुमति दी है।
23 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 23 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत होगी, 24 फरवरी को वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे और 25 फरवरी को अभिभाषण पर चर्चा होगी।

एक साल बाद जेल से रिहा हुए लखमा
शराब घोटाले मामले में करीब एक वर्ष बाद जेल से रिहा हुए कवासी लखमा को 3 फरवरी को उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिली थी। इसके बाद उन्हें सत्र में भाग लेने की अनुमति दी गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि लखमा से 7 फरवरी को अभिमत मांगा गया था, जिसके बाद उन्हें निर्धारित शर्तों के साथ अनुमति प्रदान की गई।
इन शर्तों पर मिली अनुमति
- आने-जाने की जानकारी विधानसभा सचिव को देनी होगी।
- अपने निवास क्षेत्र का दौरा नहीं करेंगे।
- “नो स्पीच” शर्त का कड़ाई से पालन करेंगे।
- उनकी उपस्थिति केवल विधानसभा सत्र तक सीमित रहेगी।
- अपने ऊपर चल रहे मामले पर कोई चर्चा नहीं करेंगे।
निर्देशों का उल्लंघन होने पर अनुमति तत्काल प्रभाव से रद्द की जा सकती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण सदन में इस विषय पर चर्चा नहीं की जाएगी।





