July 29, 2026

अनाचार मामले में जेल से छूटते ही पीड़िता को धमकाने लगा आरोपी, पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार

कोंडागांव। अनाचार और ब्लैकमेलिंग के मामले में जेल जा चुका आरोपी रिहा होने के बाद फिर से पीड़िता को धमकाने लगा। पीड़िता की शिकायत पर केशकाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नया मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने पूर्व में थाना केशकाल में अमान विरानी के खिलाफ अनाचार और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेजा गया था। आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद आरोपी ने पीड़िता को लगातार फोन कर केस वापस लेने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसके अलावा न्यायालयीन प्रक्रिया और कोर्ट-कचहरी में हुए खर्च के नाम पर पैसों की मांग भी कर रहा था। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने दोबारा पुलिस से शिकायत की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना केशकाल में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमान विरानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और पीड़ितों को धमकाने जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।