रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने केशलूर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य में तेजी नहीं आने पर अनुबंध के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम साव ने 6 जून को बस्तर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदार को फटकार लगाई थी।
बस्तर जिले के केशलूर में लगभग 69.36 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा निर्माण एजेंसी मेसर्स अशोक कुमार मित्तल को जारी नोटिस में कहा गया है कि साइट उपलब्ध होने के बावजूद पर्याप्त मैनपावर, मशीनरी और निर्माण सामग्री की व्यवस्था नहीं होने से कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे नहीं बढ़ पाया है।
विभाग के अनुसार, परियोजना की प्रगति स्वीकृत निर्माण कार्यक्रम और तय माइलस्टोन से काफी पीछे है। कार्य में तेजी लाने के लिए पूर्व में भी कई बार निर्देश और नोटिस जारी किए गए, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
नोटिस में ठेकेदार को तत्काल पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रगति में उल्लेखनीय सुधार नहीं होने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





