खैरागढ़। खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय में कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो मामले में आखिरकार शिक्षा विभाग ने कार्रवाई कर दी है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने और लगातार उठ रहे सवालों के बाद जिला शिक्षा विभाग ने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार बीईओ कार्यालय खैरागढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वायरल वीडियो के जरिए शासकीय कार्यालय परिसर में शराब सेवन और अमर्यादित व्यवहार की जानकारी सामने आई थी। प्रथम दृष्टया यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया गया, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद लंबे समय तक जिम्मेदार अधिकारी मामले पर चुप्पी साधे रहे। पहले मामले को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन सोशल मीडिया में वीडियो लगातार वायरल होने और स्थानीय मीडिया द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि वीडियो वायरल नहीं होता तो क्या विभाग कार्रवाई करता। जिस कार्यालय से शिक्षा व्यवस्था संचालित होती है, वहीं इस तरह की घटना सामने आने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय बीईओ कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।





