खैरागढ़। छुईखदान थाना क्षेत्र के जोरातराई रोड पर रविवार रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। धमधा से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंस गई और कार उसे करीब 500 मीटर तक घसीटती चली गई।
हादसे में बाइक सवार हुलास साहू और योगेश साहू, निवासी मदनपुर खैरागढ़, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को तत्काल धमधा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भिलाई रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज
घटना के बाद घायलों के परिजन छुईखदान थाने पहुंचे और कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
छुईखदान थाना प्रभारी बिलकिस बानो ने बताया कि घायलों के परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।





