खैरागढ़। डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अमलीडीह खुर्द के पास चलती कार पर अचानक पेड़ की भारी डाल गिर गई। इस घटना में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक की जान बाल-बाल बच गई।
चलती कार पर गिरी भारी डाल
जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 8:30 बजे की है। स्विफ्ट डिजायर कार (CG 07 BC 8100) में पटवारी दिव्यांश राजपूत अकेले डोंगरगढ़ से खैरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे झुकी हुई पेड़ की एक भारी डाल अचानक कार पर गिर गई।
ट्रक की टक्कर से गिरा हादसे का कारण बना पेड़ का हिस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रहे पुराने टायरों से लदे एक ओवरलोड ट्रक ने सड़क किनारे झुकी पेड़ की डाल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भारी डाल टूटकर पीछे आ रही कार पर गिर गई, जिससे कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह दब गया।
बड़ा हादसा टलने से राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार में पीछे कोई सवार होता तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरी डाल को हटाया गया। क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को थाना ले जाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सड़क किनारे पेड़ों की हालत पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि जिस पेड़ की डाल गिरी, वह लंबे समय से झुका और सूखा हुआ था। कई बार इसकी शिकायत प्रशासन से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। यह मार्ग खैरागढ़ को डोंगरगढ़ और मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं।
सुरक्षा ऑडिट की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मार्ग का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। साथ ही सूखे और झुके हुए पेड़ों की तत्काल छंटाई करने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।





