खैरागढ़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन निरीक्षण अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत अस्पताल कैंटीनों, बेकरी और किराना दुकानों की जांच की गई, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

अस्पताल कैंटीनों में मिली खामियां
अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा दल ने सिविल अस्पताल खैरागढ़ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान की कैंटीनों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान महिला समूहों द्वारा संचालित किचन और कैंटीनों की साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।
निरीक्षण में कई जगह व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं, जिसके बाद टीम ने संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मावा केक का सैंपल जांच के लिए भेजा गया
कार्रवाई के दौरान छुईखदान स्थित मेसर्स कृष्णा बेकर्स से मावा केक का सैंपल लिया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसे लैब जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक्सपायरी सामान मौके पर नष्ट
निरीक्षण के दौरान बाजार में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और कुरकुरे बिकते पाए गए। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग ने चेतावनी दी है कि एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री या भंडारण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किराना दुकानों में भी जांच
खाद्य सुरक्षा दल ने कई किराना दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को खाद्य अनुज्ञप्ति और पंजीयन अपडेट रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और एक्सपायरी सामान हटाने के निर्देश दिए।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में आने वाले दिनों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।





