Khairagarh। अमलीपारा वार्ड में लाखों रुपये की लागत से बना ‘हमर क्लिनिक’ भवन सोमवार देर रात आग की चपेट में आ गया। हैरानी की बात यह है कि क्लिनिक अभी तक शुरू भी नहीं हुआ था और भवन में बिजली कनेक्शन तक चालू नहीं था, जिससे आग लगने की घटना संदिग्ध हो गई है।
जानकारी के अनुसार, क्लिनिक पूर्ववर्ती सरकार के दौरान तैयार किया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। बाद में इसका उपयोग स्टोर रूम के रूप में किया जाने लगा, जहां राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) से जुड़े दस्तावेज रखे गए थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि भवन में बिजली कनेक्शन चालू नहीं था, इसलिए शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं है। इस बयान के बाद घटना को लेकर साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल पूरा मामला जांच के घेरे में है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




