खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव का शव शनिवार तड़के उनके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शीतल यादव अपने परिवार के साथ खैरागढ़ शहर के वार्ड क्रमांक-16 स्थित दाऊचौरा क्षेत्र में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि शीतल यादव घर के हॉल में मौजूद थे।
शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मामले की जांच के लिए दुर्ग से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। फोरेंसिक जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस विभाग में शीतल यादव को एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी के रूप में जाना जाता था। उनके असामयिक निधन से विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दुख है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।





