खैरागढ़: होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खैरागढ़ जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर नियंत्रण के लिए सघन जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशानुसार 26 और 27 फरवरी को जिले के विभिन्न मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठानों में निरीक्षण किया गया।
उपसंचालक आशीष शर्मा और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने खैरागढ़ के कई प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों से कचौड़ी, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, खोवा, पेड़ा, फाफड़ा, गुजिया, रसमलाई, अंजीर कतली, केला चिप्स आदि खाद्य सामग्री के नमूने लिए। कुल 65 सर्विलांस नमूनों में से 60 नमूने मानक के अनुरूप पाए गए, जबकि 5 नमूने अवमानक पाए गए। अवमानक खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों ने सभी व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं 2011 के तहत स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। सभी प्रतिष्ठानों की खाद्य लाइसेंस और पंजीयन वैध पाए गए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य उपलब्ध कराने के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





