September 4, 2026

खैरागढ़ में नवविवाहिता की मौत का खुलासा, दहेज और पढ़ाई रोकने से थी परेशान; पति गिरफ्तार

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला दहेज की मांग और डी.एड. की पढ़ाई रोकने को लेकर मानसिक रूप से परेशान थी। इसी बीच उसने घर के टॉयलेट में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शादी के बाद दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप

मामला खैरागढ़ थाना क्षेत्र के टेकापार खुर्द गांव का है। पुलिस के मुताबिक, मृतिका की शादी 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल (30) के साथ हुई थी। शादी के करीब दो-तीन महीने बाद से ही मोटरसाइकिल और नकद राशि को लेकर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। मारपीट करने के आरोप भी सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार, सगाई के दौरान मिले आभूषण भी पति ने अपने पास रख लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई।

डी.एड. की पढ़ाई रोकने से भी थी परेशान

परिजनों के मुताबिक, शादी के समय महिला की पढ़ाई जारी रखने की बात तय हुई थी। लेकिन बाद में उसके पति ने उसे डी.एड. की पढ़ाई करने से मना कर दिया। पुलिस का कहना है कि दहेज प्रताड़ना और पढ़ाई को लेकर लगातार दबाव के चलते महिला मानसिक रूप से परेशान थी।

बाथरूम में खुद को किया बंद, फिर लगाई आग

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को महिला ने खुद को घर के बाथरूम में बंद कर लिया और अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 और 85 में मामला दर्ज किया गया।

आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल

जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी पति अजय बघेल को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।