खैरागढ़। श्री सीमेंट फैक्ट्री स्थापना और चूना पत्थर खनन परियोजना के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के बीच अब धमकी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। किसान अधिकार संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र जंघेल ने आरोप लगाया है कि उन्हें फोन पर गाली-गलौज करते हुए आंदोलन से दूर रहने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि आंदोलन से अलग नहीं होने पर उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले को लेकर किसान अधिकार संघर्ष समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने छुईखदान थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में FIR दर्ज करने, निष्पक्ष जांच करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
10 से 15 बार किया फोन, आंदोलन से दूर रहने का दबाव
वीरेंद्र जंघेल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे श्री सीमेंट फैक्ट्री स्थापना एवं चूना पत्थर खनन परियोजना के विरोध में गठित किसान अधिकार संघर्ष समिति, दनिया-अतरिया, उदयपुर और पूरे क्षेत्र के उपाध्यक्ष हैं।
शिकायत के मुताबिक 29 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे विचारपुर निवासी राजेश जंघेल ने वीरेंद्र जंघेल के मोबाइल पर अपने नंबर से करीब 10 से 15 बार फोन किया।
वीरेंद्र जंघेल का आरोप है कि फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और किसान अधिकार संघर्ष समिति तथा सीमेंट खदान-फैक्ट्री से जुड़े आंदोलन से दूर रहने के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि यदि वे आंदोलन से अलग नहीं हुए तो घर में घुसकर उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
धमकी के बाद परिवार में डर का माहौल
कथित धमकी के बाद वीरेंद्र जंघेल ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में आशंका व्यक्त की है कि कथित धमकी भविष्य में किसी अप्रिय घटना का रूप ले सकती है।
शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित कॉल डिटेल और मोबाइल में उपलब्ध रिकॉर्डिंग को भी जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने की बात कही है।
कार्रवाई नहीं हुई तो 300-400 ग्रामीण करेंगे थाने का घेराव
किसान अधिकार संघर्ष समिति ने भी पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समिति का कहना है कि यदि 3 से 4 दिनों के भीतर शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
समिति ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में करीब 300 से 400 ग्रामीण छुईखदान थाना पहुंचकर घेराव कर सकते हैं।
वीरेंद्र जंघेल ने पुलिस से कथित संज्ञेय अपराध के संबंध में FIR दर्ज कर निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच करने की मांग की है। साथ ही खुद और परिवार की जान-माल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा दर्ज FIR की प्रति उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
श्री सीमेंट परियोजना को लेकर पहले से जारी है विरोध
श्री सीमेंट परियोजना को लेकर क्षेत्र में किसान संगठनों और ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है। ऐसे में आंदोलन से जुड़े पदाधिकारी को कथित धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में विवाद और बढ़ने की आशंका है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।





