May 13, 2026

धान खरीदी केंद्र में अवैध वसूली का आरोप, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

खैरागढ़। जिले के विचारपुर धान खरीदी केंद्र से सामने आए कथित वीडियो ने इलाके में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद किसान परिवार ने कलेक्टर और सहकारिता विभाग से शिकायत कर धान खरीदी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, शिकारीटोला निवासी किसान देविका सिन्हा का परिवार 270 बोरा धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचा था। आरोप है कि धान की जांच के दौरान केंद्र प्रबंधन ने गुणवत्ता खराब बताते हुए खरीदी से इनकार कर दिया और धान वापस ले जाने को कहा। इससे किसान परिवार परेशान हो गया, क्योंकि धान वापस ले जाने से उन्हें भारी नुकसान होने की आशंका थी।

शिकायतकर्ता तुलेश सिन्हा का आरोप है कि इसी दौरान धान खरीदी कराने के बदले 10 से 15 हजार रुपए की मांग की गई। उन्होंने बातचीत का कथित वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि धान खरीदी प्रभावित न हो, इसलिए परिवार ने कथित तौर पर 300 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 150 रुपए नगद दिए।

मामला सामने आने के बाद किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि किसान पहले ही कर्ज, लागत और मौसम की मार झेल रहे हैं, ऐसे में खरीदी केंद्रों पर इस तरह की शिकायतें उनका भरोसा तोड़ रही हैं।

वहीं विचारपुर धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक Gangaram Sahu ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि विभागीय जांच हो चुकी है और शिकायतकर्ता वास्तविक किसान नहीं बल्कि थर्ड पार्टी है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दौरान कोई वीडियो प्रस्तुत नहीं किया गया और किसानों ने भी पैसे देने की बात से इनकार किया है। फिलहाल मामले की जांच और वायरल वीडियो को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा जारी है।