खैरागढ़। जिले के जालबांधा चौकी क्षेत्र में एक आदतन अपराधी ने फिर से मासूमियत को निशाना बनाया, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता ने उसकी नीयत पर पानी फेर दिया। आरोपी नंदकुमार दुबे उर्फ बिसाहू दुबे, जो पहले भी जेल जा चुका है, ने एक नाबालिग बच्ची को चॉकलेट के लालच में स्कूल के पीछे सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़खानी की कोशिश की।
ग्रामीणों ने जैसे ही घटना देखी, तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर हुई पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें देखा जा सकता है कि आरोपी को भीड़ ने जमीन पर पटककर उसे नियंत्रण में रखा।
जालबांधा चौकी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और पॉक्सो एक्ट तथा छेड़खानी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और ऐसे आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रशासन से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल आरोपी जेल में है और इलाके की बच्चियों को सुरक्षा की राहत मिली है।





