रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर देशभर की कला, हस्तशिल्प और संस्कृति का संगम बनने जा रही है। शहर के लोकप्रिय कम्युनिटी इवेंट्स एवं कंटेंट प्लेटफॉर्म द लोकल (The Local) की ओर से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक ‘द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II’ का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन द वाहे (The Vaahe), विधानसभा रोड पर प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा।
इस वर्ष के आयोजन में देशभर से 70 से अधिक मेकर्स और 10 से ज्यादा कलाकार भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से शिल्पकार और कलाकार रायपुर पहुंचेंगे। आयोजन का उद्देश्य केवल हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री नहीं, बल्कि रायपुर को देश के प्रमुख हस्तशिल्प और सांस्कृतिक मंचों में स्थापित करना है।

बाजार नहीं, संस्कृति का उत्सव
आयोजकों के अनुसार, द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II को पारंपरिक क्राफ्ट मार्केट से आगे बढ़ाकर एक सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया गया है। यहां हस्तनिर्मित फैशन, होम डेकोर, ज्वेलरी, पॉटरी, फाइन आर्ट और मूर्तिकला जैसी विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन, रचनात्मक वर्कशॉप, क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद और हर शाम लोक, शास्त्रीय एवं सूफी संगीत की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
बस्तर पवेलियन रहेगा सबसे खास आकर्षण
इस बार आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘बस्तर पवेलियन’ होगा, जिसे छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामीण उद्योग विभाग के सहयोग से तैयार किया गया है। इस विशेष पवेलियन में बस्तर की विश्वप्रसिद्ध ढोकरा धातु कला, रॉट आयरन शिल्प और जनजातीय कला को गैलरी शैली में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि लोग बस्तर की समृद्ध शिल्प विरासत को करीब से जान और समझ सकें।
रायपुर को सांस्कृतिक पहचान दिलाने की पहल
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल एक इवेंट नहीं, बल्कि रायपुर और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उद्देश्य ऐसा वार्षिक सांस्कृतिक आयोजन विकसित करना है, जिसका लोग हर साल इंतजार करें और जो राज्य की रचनात्मकता, हस्तशिल्प और सामुदायिक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करे।
संस्थापक पारुल खुराना ने कही यह बात
द लोकल की संस्थापक पारुल खुराना ने कहा कि मेकर्स मार्केट उनके लिए केवल खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि देशभर के शिल्पकारों और कलाकारों को पहचान दिलाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस बार बस्तर पवेलियन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध शिल्प परंपरा को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। उनके अनुसार, यहां प्रदर्शित हर कलाकृति अपने भीतर एक कहानी समेटे हुए है और तीन दिनों तक रायपुर इन कहानियों का साक्षी बनेगा।
इन संस्थानों का मिला सहयोग
आयोजन को सद्भाव रिन्यूएबल (Sadbhav Renewable) का सह-प्रायोजन प्राप्त है। सिम्बा (Simba) बेवरेज पार्टनर के रूप में जुड़ा है, जबकि न्यूज़24, लल्लूराम और फोर कॉर्नर्स मीडिया एवं आउटडोर पार्टनर की भूमिका निभा रहे हैं।
एक दशक से समुदाय और संस्कृति को जोड़ रहा है ‘द लोकल’
वर्ष 2015 में शुरू हुआ द लोकल रायपुर का महिला नेतृत्व वाला कम्युनिटी इवेंट्स एवं कंटेंट प्लेटफॉर्म है। पिछले दस वर्षों में यह संस्था कम्युनिटी बाजार, फूड फेस्ट और मेकर्स मार्केट जैसे आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। अब तक इसके आयोजनों में 3.5 लाख से अधिक लोग शामिल हो चुके हैं। संस्था ने BMW, Audi, Hyatt, Zomato और Swiggy जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ भी साझेदारी की है।
द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II
- तिथि: 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026
- समय: दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक
- स्थान: द वाहे (The Vaahe), विधानसभा रोड, रायपुर





