खैरागढ़। जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली सूअर के शिकार के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक किसान ने अपने खेत में बिजली का करंट बिछाकर जंगली सूअर का शिकार किया और बाद में उसका मांस गांव में पकाया जा रहा था। कार्रवाई ग्राम खुड़मुड़ी में की गई।
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में वन्यजीव का अवैध शिकार किया गया है। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने तलाशी वारंट लेकर गांव में दबिश दी। जांच के दौरान एक घर में मांस पकाया जाता मिला। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह मांस जंगली सूअर का था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गांव निवासी पेखन वर्मा ने अपने निजी खेत में बिजली का कनेक्शन लगाकर जंगली सूअर का शिकार किया था। शिकार के बाद मांस को गांव लाकर पकाया जा रहा था।
वन विभाग ने मौके से जंगली सूअर का मांस, एक बसूला, दो कुल्हाड़ियां, एक हंसिया और तीन कड़ाहियां जब्त की हैं। मामले में पेखन वर्मा, बुजलाल कंवर, सेवनदास और मेन कुमार को आरोपी बनाया गया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।
खैरागढ़ डीएफओ पंकज राजपूत ने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





