September 4, 2026

खैरागढ़ में महिला ने बाथरूम में खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत; जांच में जुटी पुलिस

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार खुर्द में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर घर के बाथरूम में मिट्टी तेल डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

घर में अकेली थी महिला

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 30 वर्षीय अंजू बघेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय अंजू घर में अकेली थी। उसका पति अजय बघेल, सास-ससुर और देवर सूरज खेत गए हुए थे।

महिला ने कथित तौर पर बाथरूम में मिट्टी तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। आग लगने के बाद बाथरूम से धुआं निकलने लगा।

देवर ने धुआं देखकर दी जानकारी

बताया गया कि अंजू का देवर सूरज जब खेत से खाना लेने घर पहुंचा, तो उसे बाथरूम से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बाथरूम का दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

गंभीर रूप से झुलसी अंजू को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे आगे के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आत्मघाती कदम की वजह स्पष्ट नहीं

घटना की सूचना मिलने के बाद खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।