इलाज के दौरान तोड़ा दम
मंगलवार को अस्पताल में उपचार के दौरान गोविंद स्वामी की मौत हो गई। वे हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे और रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
रोपवे केबल टूटने से हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि 22 मार्च की सुबह खल्लारी मंदिर से दर्शन कर श्रद्धालु रोपवे ट्रॉली से नीचे लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक रोपवे का केबल टूट गया, जिससे ट्रॉली खाई में जा गिरी। हादसे में दूसरी ट्रॉली भी स्टेशन से टकरा गई थी।
एक ही परिवार के कई लोग घायल
इस हादसे में रायपुर राजातालाब निवासी एक ही परिवार के कई सदस्य सवार थे, जिनमें ऋषभ धावरे, छायांश धावरे, आयुषी धावरे, मानसी गोडरिया, नमिता स्वामी, अंशुमिता स्वामी और गोविंद स्वामी शामिल थे। दुर्घटना में कुल 16 श्रद्धालु घायल हुए थे।
पहले भी हो चुकी है एक मौत
इस हादसे में पाटन आत्मानंद स्कूल में पदस्थ शिक्षिका आयुषी धावरे की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब गोविंद स्वामी की मौत के बाद मृतकों की संख्या दो हो चुकी है।
कई घायलों की हालत गंभीर
घटना में घायल नमिता स्वामी और अंशुमिता स्वामी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
जांच और जिम्मेदारी पर उठ रहे सवाल
हादसे के बाद रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।





