दुर्ग। कुम्हारी स्थित खारून नदी पर बने ब्रिज को मेंटेनेंस कार्य के चलते 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक बंद किया जाएगा। नेशनल हाईवे-53 पर स्थित इस ब्रिज के बंद होने से दुर्ग-रायपुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों की बैठक में विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।
योजना के अनुसार दुर्ग से रायपुर जाने वाले हल्के वाहनों को नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं सुपेला और रिसाली क्षेत्र के वाहन उतई-सेलूद-ढौर-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करेंगे।
रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहनों को चंदनीडीह-पुराना रपटा पुल या रायपुरा-महादेवघाट-अमलेश्वर मार्ग से गुजरने की सलाह दी गई है।
भारी वाहनों के लिए अलग समय और मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कुछ मार्गों पर सुबह और शाम के समय उनकी आवाजाही सीमित या प्रतिबंधित रहेगी।
प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, डायवर्जन पॉइंट्स पर संकेतक लगाने और 24 घंटे वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें।






