May 15, 2026

खारुन ब्रिज मरम्मत 16 दिन में पूरी, आज से फिर शुरू होगा यातायात

रायपुर। खारुन नदी पर बने पुराने ब्रिज की मरम्मत का कार्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। जहां इस काम को पूरा करने के लिए 30 दिनों का समय निर्धारित किया गया था, वहीं इसे महज 16 दिनों में ही पूरा कर लिया गया। अब ट्रायल सफल होने के बाद शुक्रवार से इस ब्रिज पर यातायात फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

दरअसल, इस ब्रिज से प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं, ऐसे में मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। इसे देखते हुए रायपुर और दुर्ग पुलिस लगातार अलर्ट मोड में रही। दोनों जिलों के 80 से अधिक ट्रैफिक जवान और अधिकारी सुबह-शाम ब्रिज और आसपास की सड़कों पर तैनात रहे, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल स्वयं हर दूसरे-तीसरे दिन मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य और ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे। वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि दोनों जिलों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने दुर्ग पुलिस की कार्यशैली और एसएसपी की मेहनत की सराहना भी की।

31 मार्च की रात से रोका गया था ट्रैफिक

मरम्मत कार्य की शुरुआत 1 अप्रैल से की गई थी, लेकिन 31 मार्च की आधी रात के बाद से ही इस ब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। छोटे वाहनों को कुम्हारी की ओर से दूसरे पुल के जरिए डायवर्ट किया गया, जिससे एक ही पुल पर दोनों दिशाओं का ट्रैफिक संचालित किया गया।

इसके अलावा नीचे स्थित लघु पुल का उपयोग रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहनों के लिए किया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए टाटीबंध चौक, रायपुरा ब्रिज और सिलतरा बायपास जैसे प्रमुख स्थानों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

ट्रायल सफल, आज से खुलेगा ब्रिज

गुरुवार शाम को ब्रिज पर यातायात का ट्रायल किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। इसके बाद शुक्रवार से आम यातायात के लिए ब्रिज को खोलने का निर्णय लिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य में दिन-रात ठेका कर्मियों ने काम किया, जिससे निर्धारित समय से पहले ही काम पूरा हो सका। अब ब्रिज के खुलने से रायपुर और दुर्ग के बीच आवागमन पहले की तरह सामान्य हो जाएगा।