May 19, 2026

खारून नदी पुल मरम्मत: एक महीने बंद रहेगा NH-53, रायपुर-दुर्ग रूट पर वन-वे ट्रैफिक

रायपुर। दुर्ग-भिलाई से रायपुर सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी टोल के पास खारून नदी पुल की मरम्मत का काम आज से शुरू हो गया है। इसके चलते अगले एक महीने तक पुल बंद रहेगा और इस रूट पर ट्रैफिक वन-वे रहेगा।

रायपुर और दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 44 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

दुर्ग से रायपुर की ओर डायवर्सन प्लान

  • एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, पुलिस मुख्यालय, आरंग, अभनपुर जाने वाले वाहन सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करें।
  • दुर्ग-भिलाई-रिसाली-उतई से आने वाले वाहन सेलूद–फूंडा–जामगांव–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग अपनाएं।
  • चरोदा, कुमारी, भिलाई-3 से आने वाले वाहन सिरसा गेट–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग से रायपुर जाएं।
  • कुम्हारी-अहिरवार से आने वाले वाहन कुम्हारी–उरला–खमरिया–अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करें।
  • कुम्हारी टोल से आगे चंदनीडीह तक वन-वे मार्ग लागू रहेगा।

रायपुर से दुर्ग की ओर डायवर्सन

  • कार और बाइक चालक चंदनीडीह से लेफ्ट लेकर पुराने रपटा/पुल का उपयोग कर कुम्हारी टोल पहुंच सकते हैं।
  • भटगांव/रायपुरा से जाने वाले वाहन अमलेश्वर–मोतीपुर होकर दुर्ग/भिलाई जा सकते हैं।

पुलिस की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्सन रूट का पालन करें और आवश्यक काम जैसे एयरपोर्ट, अस्पताल, रेलवे स्टेशन या परीक्षाओं के लिए निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें