May 18, 2026

Khelo India Tribal Games : छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा आयोजन, सचिव यशवंत कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समय रहते सभी व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव यशवंत कुमार ने कहा कि खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स राष्ट्रीय महत्व का आयोजन है और यह छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त और चौक-चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को तेजी से काम करते हुए तय समय से पहले तैयारियां पूरी करने को कहा।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार होंगे खेल स्थल
सचिव ने आयोजन के लिए चिन्हित सभी खेल स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त स्टाफ तैनात करने को कहा, ताकि प्रतियोगिता में भाग लेने आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रतिभागियों को मिलेगी छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक
संस्कृति और पर्यटन विभाग को निर्देश दिया गया कि विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पुरातत्व और कला से परिचित कराया जाए। साथ ही पर्यटन स्थलों की जानकारी और आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने विभिन्न भाषाओं वाले राज्यों की भागीदारी को देखते हुए उन भाषाओं के जानकार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनूजा सलाम, उप संचालक रश्मि ठाकुर सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंबिकापुर और जगदलपुर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

25 मार्च से 3 अप्रैल तक होंगे ट्राइबल गेम्स
छत्तीसगढ़ की मेजबानी में रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक नेशनल ट्राइबल गेम्स आयोजित किए जाएंगे। इसमें हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं रायपुर में, एथलेटिक्स की स्पर्धाएं जगदलपुर में और कुश्ती की प्रतियोगिता अंबिकापुर में होगी।

इसके अलावा कबड्डी और मलखंब को डेमो खेल के रूप में शामिल किया गया है। कबड्डी का आयोजन रायपुर में और मलखंब का प्रदर्शन अंबिकापुर में किया जाएगा। देश में पहली बार आयोजित हो रहे इस प्रतियोगिता में 30 राज्यों के लगभग 2500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी शामिल होंगे।